दिल्ली,स्पोर्ट डेस्क, एमएम : भारतीय क्रिकेट टीम के लिमिटेड ओवर्स के उपकप्तान क्रिकेटर रोहित शर्मा और पहलवान विनेश फोगाट को पुरस्कार चयन समिति द्वारा राजीव गांधी खेल रत्न के लिए चुना गया है। टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू के लिए भी पुरस्कार चयन समिति द्वारा खेल रत्न के लिए सिफारिश की।
बता दें कि राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह पहली बार इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण ऑनलाइन आयोजित हो सकते हैं, जिसमें सभी विजेता अपने अपने स्थानों से 29 अगस्त को लॉग इन करके अपने नामों की घोषणा होते हुए सुनेंगे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्त को दिये जाते हैं, जो महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं, जो हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति देते हैं। बैठक के पहले दिन सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के लिए क्रमश: 13 और 15 उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की गई।
पिछले साल अनदेखी के बाद दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा को सोमवार को 13 कोचों की सूची में जगह मिली, जिनके नाम की सिफारिश खेल मंत्रालय की चयन समिति ने इस साल द्रोणाचार्य पुरस्कारों के लिए की है।
National Sports Awards Committee recommends cricketer Rohit Sharma, wrestler Vinesh Phogat, table tennis champion Manika Batra & Paralympian Mariappan Thangavelu for the Rajiv Gandhi Khel Ratna Award
— ANI (@ANI) August 18, 2020
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को इस साल खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस बात का आधिकारिक ऐलान हो गया है। खेल रत्न भारत के किसी नागरिक को दिया जाने वाला सर्वोच्च खेल सम्मान है। नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्डस कमेटी ने क्रिकेटर रोहित शर्मा के अलावा रेस्लर वीनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैंपियन मनिका बत्रा, पैरालंपियन मरियप्पन थांगावेलु के नाम की भी सिफारिश राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की है।
रोहित राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान पाने वाले भारत के चौथे क्रिकेटर होंगे। रोहित शर्मा से पहले सचिन तेंदुलकर(1997-98), एमएस धौनी (2007) और विराट कोहली(2018) को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है। बतादें कि राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए 12 सदस्यीय चयन समिति ने सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश की थी, जबकि मंगलवार को समिति ने राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार के नामों को भी पक्का किया है।