रांची, एमएम : दो अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास की शादी मंगलवार यानि 30 जून को हो गई। इंटरनैशनल तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास एक-दूजे के हो गए। मोरहाबादी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में दीपिका और अतनु का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दोनों को बधाई देने पहुंचे। कोरोना वायरस के कारण रोक की वजह से बहुत कम संख्या में लोग विवाह में शरीक हुए। केवल 50 कार्ड इस शादी में कन्या पक्ष की तरफ से बांटे गए थे। वर पक्ष से भी कम ही लोग बाराती के रूप में पहुंचे।
रांची: तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास आज शादी के बंधन में बंध गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी शादी में भाग लिया। pic.twitter.com/NBEG76wkWM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 30, 2020
वैवाहिक कार्यक्रम में कोरोना के कारण जारी गाइडलाइन का अनुपालन हुआ। अतनु के साथ महज सात बराती रांची पहुंचे। दीपिका की ओर से 50 सराती कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। रस्म अदायगी के बाद अतनु दास को गोद में लेकर उन्हें अंदर तक ले जाया गया। जहां शादी की रस्में पूरी हुई। दीपिका के पिता शिवनारायण महतो के मुताबिक शादी का कार्यक्रम मंगलवार को शुभ लग्न में रात्री 11.30 से हुआ।
शादी के इस समारोह में सीएम हेमंत सोरेन, हटिया के विधायक नवीन सिंह, डीजीपी एमबी राव, मेयर आशा लकड़ा और पद्मश्री अवार्ड विजेता अशोक भगत पहुंचे और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। हालाँकि दिल्ली में कई महत्वपूर्ण बैठकों के कारण केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ओलिंपियन दीपिका कुमारी की शादी में शामिल नहीं हो पाए।
दीपिका और अतनु की शादी में मेहमानों के स्वागत के लिए भी खास इंतजाम किये गए थे। विवाह समारोह में बंगाली और झारखंडी व्यंजनों की खास सूची तैयार की गई थी। बंगाली रसगुल्ल और संदेश से लेकर धुसका, लिट्टी जैसे झारखंडी व्यंजन भी मीनू में शामिल किया गया था।