पटना, एमएम : बिहार में अगले दो महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो चुकी है। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आएगा पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो जाएगा। इसी कड़ी में मंगलवार को राबड़ी देवी ने बिहार में महिलाओं के साथ हो रहे रेप की घटनाओं पर सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला है।
राबड़ी देवी ने अपने ट्विटर हैंडल से नीतीश कुमार के ऊपर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह में 34 अनाथ बच्चियों के साथ सत्ता संरक्षण में जनबलात्कार जैसा जघन्य कांड करवाने वाले और बिहार को बलात्कार में नंबर-1 प्रदेश बनाने वाले मुखिया कह रहे हैं कि यह मेरा ऐतिहासिक कारनामा याद कीजिएगा। राबड़ी देवी ने ट्वीट से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वह किस कदर नीतीश कुमार पर भड़की हुई हैं।
मुज़फ़्फ़रपुर बालिका गृह में 34 अनाथ बच्चियों के साथ सत्ता संरक्षण में जनबलात्कार जैसा जघन्य कांड करवाने वाले और बिहार को बलात्कार में नंबर-1 प्रदेश बनाने वाले मुखिया कह रहे है कि यह मेरा ऐतिहासिक कारनामा याद कीजिएगा। pic.twitter.com/aKgnT16T0D
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) September 1, 2020
आपको बता दें कि बिहार में अपराध का ग्राफ दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन महिलाओं और बच्चियों से रेप और छेड़खानी का मामला सामने आते ही रहता है और इससे भी जब दरिंदों का मन नहीं भरता तो महिलाओं से रेप का वीडियो तक वायरल कर देते हैं। और बात पुलिस की करें, तो पुलिस अक्सर घटना के बाद ही पहुंचती है।
बिहार में जिस तरह से यौन शोषण और बलात्कार के मामले बढ़ रहे हैं निश्चित रूप से चिंता का विषय है। अपराध करने वालों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। अपराधी बेलगाम है। ऐसे में बिहार की आधी आबादी अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं।